{"vars":{"id": "125128:4947"}}

मिर्जामुराद: सौतेली बेटी से दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने का आरोपी पिता फरार, BNS और POCSO में केस दर्ज

वाराणसी के मिर्जामुराद में रिश्ते शर्मसार: 15 साल की बेटी से कई बार दुष्कर्म, मां की शिकायत पर आरोपी पिता पर मुकदमा

 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ एक व्यक्ति पर अपनी 15 वर्षीय सौतेली बेटी के साथ कई बार दुष्कर्म करने और गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगा है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है।

शादी के बाद से ही थी नीयत खराब

पुलिस को सौंपी गई तहरीर के अनुसार, आरोपी की शादी वर्ष 2017 में हुई थी। यह महिला की दूसरी शादी थी, और पहले पति से उसकी यह 15 वर्षीय बेटी है। दूसरी शादी से दोनों के तीन बच्चे (दो बेटियां और एक बेटा) भी हैं। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही आरोपी की नीयत अपनी सौतेली बेटी पर खराब थी। धमकी देकर दबाया मामला, कराया जबरन गर्भपात पीड़िता की मां का आरोप है कि बीते कई महीनों से आरोपी नाबालिग के साथ लगातार दुष्कर्म कर रहा था। इस दौरान अप्रैल महीने में जब नाबालिग गर्भवती हो गई, तो आरोपी ने उसे जबरन दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। किसी को घटना की जानकारी देने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। जब मां ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने धमकी देते हुए कहा, "इस घर में रहना है तो मेरी मर्जी से ही रहना पड़ेगा।"

13 जुलाई को फिर की घिनौनी हरकत

आरोप है कि गत 13 जुलाई को आरोपी नाबालिग को जबरन घर से ले गया और कुछ घंटों बाद वापस छोड़ गया। इस घटना के बाद पीड़िता और उसकी मां हिम्मत जुटाकर शुक्रवार रात मिर्जामुराद थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस की कार्रवाई और आरोपी की तलाश मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि पीड़िता का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मजिस्ट्रेट के समक्ष धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।