मथुरा: वेबसाइट के जरिए बुक होती थीं 'कॉल गर्ल्स', गेस्ट हाउस में होती थी लड़कियों की 'परेड'; पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा
बड़ा एक्शन: श्री गिर्राज गेस्ट हाउस में छापेमारी, आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए 5 युवक और 4 युवतियां।
मथुरा (भदैनी मिरर): धर्म नगरी मथुरा में पुलिस ने एक ऐसे हाई-प्रोफाइल देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो डिजिटल दुनिया के जरिए अनैतिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। गिरोह ने बाकायदा एक वेबसाइट बना रखी थी, जहाँ से 'कॉल गर्ल्स' की बुकिंग की जाती थी। सीओ सिटी आशना चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार को 'मछली फाटक' के पास स्थित श्री गिर्राज गेस्ट हाउस में छापेमारी कर इस गंदे धंधे का खुलासा किया।
कमरों में आपत्तिजनक हालत में मिले युवक-युवतियां
पुलिस को लंबे समय से इस गेस्ट हाउस में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। दबिश के दौरान गेस्ट हाउस के कमरों से 5 युवक और 4 युवतियों को पकड़ा गया, जो आपत्तिजनक स्थिति में थे। पकड़ी गई युवतियों में एक नाबालिग भी शामिल है। जब पुलिस ने रिकॉर्ड चेक किया, तो गेस्ट हाउस के रजिस्टर में किसी भी एंट्री या आईडी का कोई सुराग नहीं मिला।
डिजिटल तरीके से लगती थी बोली
जांच में जो सबसे चौंकाने वाला तथ्य सामने आया, वह था आरोपियों का डिजिटल नेटवर्क। आरोपियों ने एक खास वेबसाइट बना रखी थी, जिसके जरिए ग्राहकों से संपर्क किया जाता था। ग्राहकों को वेबसाइट पर फोटो दिखाई जाती थी और रेट तय होने के बाद उन्हें गेस्ट हाउस बुलाया जाता था। आरोपियों के मोबाइल फोन से इस वेबसाइट और चैट के कई सबूत पुलिस के हाथ लगे हैं।
गेस्ट हाउस में लड़कियों की 'परेड'
पूछताछ में यह भी पता चला है कि गेस्ट हाउस आने वाले बाहरी ग्राहकों को वहां के कर्मचारी बाकायदा लड़कियों की 'परेड' कराते थे। ग्राहक की पसंद के बाद लड़कियों को उनके कमरों में भेजा जाता था। पुलिस अब उन सभी मोबाइल नंबरों और वेबसाइट के सर्वर की जांच कर रही है, जिनसे यह गिरोह संचालित हो रहा था।
लाइसेंस होगा निरस्त, संचालकों पर गिरेगी गाज
एसएसपी श्लोक कुमार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए होटल व गेस्ट हाउस संचालकों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं। साथ ही, जिला प्रशासन को पत्र लिखकर संबंधित गेस्ट हाउस का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई है। पुलिस अब मथुरा के अन्य होटलों और गेस्ट हाउसों की नियमित चेकिंग का विशेष अभियान चलाने की तैयारी में है।