वाराणसी में नकाबपोश बदमाशों का तांडव: महिला की गर्दन पर कट्टा सटाकर गला दबाया
जंसा के भतसार जोगीवीर पाही गांव में असलहाधारियों ने मचाया उत्पाद, ग्रामीणों पर कट्टा तानकर नगदी व जेवर लेकर फरार; पुलिस का चोरी का दावा।
भदैनी मिरर (क्राइम डेस्क): वाराणसी जिले के जंसा थाना क्षेत्र अंतर्गत भतसार जोगीवीर पाही गांव में बीती रात नकाबपोश असलहाधारी बदमाशों ने जमकर तांडव मचाया। बदमाशों ने एक ही रात में तीन अलग-अलग घरों में घुसकर परिजनों को बंधक बनाया और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लूटकर फरार हो गए। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने उन पर भी कट्टा तान दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत व्याप्त है।
महिला पर सटाया कट्टा, गला दबाकर की लूटपाट
पहली वारदात चंद्रिका प्रसाद मास्टर के मकान में हुई। जहां कमरे में मौजूद अंजना देवी के गले पर बदमाशों ने तमंचा सटा दिया और उनका गला दबाकर उन्हें शांत रहने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने कमरे का ताला तोड़कर 5 हजार रुपये नकद और लाखों के आभूषण समेट लिए।
परिजनों को कमरों में बंद कर एक-एक कर खंगाले मकान
इसके बाद बदमाशों ने जमुना प्रसाद के घर को निशाना बनाया। घर के पीछे के रास्ते से दाखिल हुए बदमाशों ने सो रहे परिजनों के कमरों की कुंडी बाहर से बंद कर दी। दो कमरों के ताले तोड़कर वे 20 हजार रुपये नकद और करीब 6 लाख रुपये के गहने ले उड़े। तीसरी वारदात रामसूरत के मकान में हुई, जहाँ छत के रास्ते घुसे बदमाशों ने परिजनों को बंद कर अटैची तोड़कर 4 हजार रुपये नकद और लगभग 1 लाख रुपये के आभूषण पार कर दिए। भागते समय बदमाशों ने ग्रामीणों पर तमंचा तान दिया, जिससे कोई पीछा न कर सके।
डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जंसा पुलिस के साथ फॉरेंसिक (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान स्निफर डॉग घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर स्थित आरआरसी सेंटर तक जाकर रुक गया।
पुलिस का बयान: मामला लूट का नहीं, चोरी का प्रतीत हो रहा है
प्रकरण में जंसा थानाध्यक्ष सत्यजीत सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला चोरी का प्रतीत हो रहा है, न कि लूट का। पुलिस पीड़ित परिवारों की तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं से निष्पक्ष जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।