{"vars":{"id": "125128:4947"}}

गोरखपुर मर्डर केस: अवैध संबंध के विवाद में युवक की गला रेतकर हत्या, आमी नदी में बोरे से बंधा मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

महिला के मायके में मारपीट के बाद वारदात, बाइक में लगाई आग

 

गोरखपुर (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के गीडा थाना क्षेत्र में अवैध संबंधों के चलते एक युवक की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से युवक के दोनों हाथ बांधकर शव को बोरे में भरा और आमी नदी में फेंक दिया। सोमवार सुबह नदी में शव उतराता देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान सहजनवां इलाके के मिनवां टिकरिया गांव निवासी आदित्य साहनी के रूप में हुई है।

बैग में मिले सामान और दर्जी के स्टीकर से हुई पहचान

पुलिस को घटनास्थल के पास से आमी नदी के पुल के नीचे से एक पुराना काला पिट्ठू बैग भी बरामद हुआ है। इस बैग की तलाशी लेने पर उसमें पैंट-शर्ट, महिलाओं के ब्लाउज और बच्चों के कपड़े मिले। इसके साथ ही मृतक की शर्ट पर खजनी क्षेत्र के एक टेलर (दर्जी) का स्टीकर लगा हुआ था। इसी स्टीकर के सुराग का पीछा करते हुए पुलिस कुछ ही घंटों में मृतक आदित्य साहनी की शिनाख्त करने में कामयाब रही।

क्या है पूरा विवाद और हत्या की वजह?

पुलिस जांच में सामने आया है कि आदित्य साहनी का उसके ननिहाल (खजनी क्षेत्र) के पड़ोस में रहने वाली एक शादीशुदा महिला से प्रेम प्रसंग था। महिला की शादी हो चुकी थी, लेकिन जब भी वह अपने मायके आती, आदित्य उससे मिलने पहुंच जाता था। इसे लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से तनाव चल रहा था।

  • रविवार रात हुआ खूनी संघर्ष: बताया जा रहा है कि रविवार की रात आदित्य अपने कुछ दोस्तों के साथ महिला के मायके पहुंचा था। वहां उसका महिला और उसके परिजनों से विवाद हो गया। आरोप है कि आदित्य और उसके साथियों ने घर में घुसकर मारपीट की और टीवी-फ्रिज समेत कई कीमती सामान तोड़ दिए। शोर सुनकर जब ग्रामीण जुटे तो आदित्य के साथी भाग निकले, लेकिन उसकी बाइक वहीं छूट गई, जिसे आक्रोशित ग्रामीणों ने आग के हवाले कर दिया।

  • रास्ते में घेरकर उतारा मौत के घाट: इस मारपीट में महिला पक्ष की एक बुजुर्ग महिला समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में कटघर चौराहे के पास ग्रामीणों और परिजनों ने आदित्य को घेर लिया। आरोप है कि पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद उसे बोलेरो गाड़ी में अगवा कर लिया गया और गला रेतकर हत्या करने के बाद शव नदी में फेंक दिया गया।

दुष्कर्म और छेड़खानी के मामले में जेल जा चुका था मृतक

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आदित्य का आपराधिक इतिहास भी रहा है। महिला के परिजनों ने पहले उसके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था, जिसमें वह जेल गया था और करीब 6 महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था। यही नहीं, बीते गुरुवार को भी पीड़ित महिला ने आदित्य के खिलाफ रास्ते में रोककर छेड़खानी करने और जबरन हाथ पकड़कर ले जाने के आरोप में खजनी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

13 नामजद समेत 23 लोगों पर FIR, 4 हिरासत में

इस मामले में मृतक आदित्य की मां संजू देवी की तहरीर पर गीडा थाना पुलिस ने 13 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या, शव छिपाने और अपहरण समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र कुमार 

"शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में चार मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही घटना का पूर्ण अनावरण कर दिया जाएगा।"