वाराणसी में 'पुष्पा स्टाइल' में गांजा तस्करी: सिगरा पुलिस ने 'छोटा हाथी' में बने गुप्त चैंबर से बरामद किया ₹30 लाख का गांजा
लहरतारा के पास घेराबंदी कर सिगरा पुलिस ने पकड़ी 55 किलो गांजे की बड़ी खेप; ओडिशा से पूर्वांचल की ओर जा रही थी तस्करों की गाड़ी।
भदैनी मिरर, वाराणसी। वाराणसी पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिगरा पुलिस और सर्विलांस टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 'पुष्पा' फिल्म की तर्ज पर कमर्शियल वाहन (छोटा हाथी) की बॉडी के नीचे गुप्त लोहे का चैंबर बनाकर की जा रही अवैध गांजे की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 55 किलोग्राम गांजे के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹30 लाख बताई जा रही है।
लहरतारा के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया वाहन
मामले का खुलासा करते हुए एसीपी चेतगंज शुभम सिंह ने बताया कि लोकल इंटेलिजेंस और मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि ओडिशा की तरफ से अवैध एनडीपीएस (NDPS) पदार्थ की एक बड़ी खेप वाराणसी के रास्ते चंदौली की ओर ले जाई जा रही है।
सूचना के आधार पर सिगरा पुलिस टीम ने लहरतारा के पास सघन चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध 'छोटा हाथी' वाहन को चारों तरफ से घेरकर रोक लिया।
हाइड्रोलिक सिस्टम के नीचे बना था सीक्रेट चैंबर, पुलिस भी रह गई हैरान
जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, तो पहली नजर में वह पूरी तरह खाली नजर आ रहा था। हालांकि, जब पुलिस अधिकारियों ने वाहन के हाइड्रोलिक सिस्टम को उठाया, तो वे हैरान रह गए।
तस्करों ने वाहन की बॉडी के निचले हिस्से में लोहे की एक अतिरिक्त शीट लगाकर एक सीक्रेट चैंबर/लेयर तैयार कर रखी थी। जब इस चैंबर को खोला गया, तो उसमें से कुल 55 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
ओडिशा से पूर्वांचल में सप्लाई की थी तैयारी
प्राथमिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कुबूल किया है कि वे इस खेप को ओडिशा (ओड़िशा) से ला रहे थे और पूर्वांचल व चंदौली के इलाकों में इसकी डिलीवरी करने की योजना थी।
एसीपी शुभम सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि इस पूरे सिंडिकेट के 'मेन डीलर' और नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों तक पहुंचा जा सके। पुलिस अग्रिम कानूनी कार्रवाई कर रही है।