बनारस कैंट स्टेशन के बाहर अश्लील इशारे करने वाली 5 'हसीनाएं' चर्चित पिलर नंबर 59 के पास से धरी गईं
एंटी रोमियो टीम ने दबोचा, कार्रवाई के बाद 'गंदा धंधा' करने वाली महिलाओं में मचा हड़कंप
भदैनी मिरर, वाराणसी: वाराणसी कमिश्नरेट के सिगरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कैंट रेलवे स्टेशन के बाहर सार्वजनिक स्थल पर अश्लील इशारे करने और राहगीरों व यात्रियों को परेशान करने वाली पांच महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह बड़ी कार्रवाई सिगरा थाने की एंटी रोमियो टीम द्वारा की गई है। स्टेशन परिसर के आसपास लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर पुलिस ने अभियान चलाकर इन महिलाओं को रंगे हाथ हिरासत में लिया।
पिलर नंबर 59 के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कैंट स्टेशन के सामने पिलर नंबर 59 और भारत पेट्रोल पंप के पास कुछ महिलाओं द्वारा वहां से गुजरने वाले आम जनमानस और यात्रियों को अश्लील इशारे कर परेशान किए जाने की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक सिगरा के निर्देश पर एंटी रोमियो टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने जब जनता से मिली जानकारी का सत्यापन किया तो शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद मौके से पांच महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया।
सिगरा थाने में गंभीर धाराओं में केस दर्ज
सिगरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार की गई सभी पांचों महिलाओं के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 0293/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 के तहत मामला पंजीकृत किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार की गई महिलाएं चंदौली, प्रयागराज, मऊ, वाराणसी और बिहार के गया जिले की रहने वाली हैं (सुरक्षा और विधिक कारणों से पुलिस प्रेस-नोट में इनके नाम काल्पनिक दर्शाए गए हैं)। पुलिस अब इन महिलाओं के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
इन महिला पुलिस अधिकारियों की टीम ने की कार्रवाई
सार्वजनिक स्थल पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाली इस सफल कार्रवाई में सिगरा थाने की एंटी रोमियो टीम के इन जांबाज पुलिसकर्मियों की मुख्य भूमिका रही:
-
महिला उप-निरीक्षक (म.उ.नि.) काजोल
-
महिला उप-निरीक्षक (म.उ.नि.) प्रेमलता सिंह
-
महिला कांस्टेबल (म.का.) प्रिया गौड़, पारूल, काजल, मंदाकिनी सिंह, छाया
-
कांस्टेबल (का.) राहुल सिंह
सिगरा थाना पुलिस ने साफ किया है कि कैंट स्टेशन परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों में यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ नियमित चेकिंग व निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा।