पंचायत चुनाव लड़ने की जिद में पिता बना हैवान, मना करने पर बेटे-बहू को गाड़ी से कुचला
चूरू के तारानगर का सनसनीखेज डबल मर्डर; पंचायत चुनाव को लेकर हुआ था विवाद, इकलौते बेटे और बहू को आरोपी पिता ने उतारा मौत के घाट।
भदैनी मिरर क्राइम डेस्क: राजस्थान के चूरू जिले के तारानगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला डबल मर्डर केस सामने आया है। यहां चंगोई गांव में पंचायत चुनाव लड़ने की जिद को लेकर हुए विवाद में एक कलयुगी पिता ने आवेश में आकर अपनी ही गाड़ी से कुचलकर अपने इकलौते बेटे और बहू को मौत के घाट उतार दिया। इस दर्दनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
'पंचायत चुनाव' को लेकर हुआ था विवाद
तारानगर डीएसपी रोहित सांखला के अनुसार, चंगोई गांव के रहने वाले 62 वर्षीय आरोपी पिता रामचंद्र और उसके बेटे रविंद्र के बीच पंचायत चुनाव को लेकर कहासुनी हुई थी।
-
चुनाव की जिद: पिता रामचंद्र पंचायत चुनाव लड़ने की जिद पर अड़ा था, जबकि बेटा रविंद्र और परिवार इसके खिलाफ थे।
-
नाराज होकर निकला बेटा: बहस के बाद देर रात बेटा रविंद्र रूठकर घर से बाहर धर्मकांटे की तरफ चला गया। उसे मनाने के लिए उसकी पत्नी महिंद्रा भी पीछे-पीछे घर से बाहर निकली।
आवेश में आकर गाड़ी से कुचला
इसी बीच गुस्से में अंधा हुआ आरोपी पिता रामचंद्र गाड़ी लेकर निकला और रास्ते में अपने ही बेटे रविंद्र और बहू महिंद्रा को तेज रफ्तार गाड़ी से रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
सूचना मिलते ही तारानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर तारानगर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
10 साल की मासूम बेटी के सिर से उठा मां-बाप का साया
तारानगर थाना अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता रामचंद्र को डिटेन कर लिया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक रविंद्र अपने पिता की इकलौती संतान था। उसकी शादी करीब 13 साल पहले हुई थी और दोनों की एक 10 साल की मासूम बेटी है, जिसके सिर से एक ही झटके में माता-पिता दोनों का साया उठ गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।