ब्लड टेस्ट के बहाने बुलाया, फिर बना डाला न्यूड वीडियो; हनीट्रैप का सनसनीखेज केस
लैब कर्मी को हनीट्रैप में फंसाया, मारपीट कर 1.63 लाख रुपये ऐंठे; पुलिस ने युवती ज्योति और उसके दो साथियों को दबोचा
गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में हनीट्रैप का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक लैब कर्मचारी को ब्लड सैंपल लेने के बहाने फ्लैट पर बुलाकर युवती और उसके दो साथियों ने मारपीट की और उसका न्यूड वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने पीड़ित से 1.63 लाख रुपये वसूलने के बाद 5 लाख रुपये की और मांग की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने युवती समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में ज्योति (24) निवासी ताजनगर, गुरुग्राम, हरीश यादव उर्फ मोनू निवासी गांव काहनावास, जिला अलवर (राजस्थान) और श्याम सुंदर उर्फ अशोक निवासी गांव खैरोली, जिला महेंद्रगढ़ (हरियाणा) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.63 लाख रुपये नकद, एक स्कॉर्पियो कार और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
ब्लड रिपोर्ट के बहाने लिया मोबाइल नंबर
पीड़ित युवक ने 6 मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वह सेक्टर-83 स्थित एक लैब में काम करता है। 25 फरवरी को वह मोहम्मदपुर स्थित एवीएल-36 सोसाइटी में ज्योति नाम की महिला का ब्लड सैंपल लेने गया था।
ज्योति ने ब्लड रिपोर्ट व्हाट्सएप पर भेजने के लिए उसका मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद उसने दोबारा 2 मार्च को फिर से ब्लड सैंपल लेने के बहाने उसे फ्लैट पर बुलाया।
फ्लैट में मारपीट कर बनाया न्यूड वीडियो
पीड़ित के अनुसार, जब वह फ्लैट में पहुंचा तो कुछ देर बाद ज्योति ने दरवाजा खुला छोड़ दिया। इसी दौरान करीब 24-25 साल के दो युवक वहां आ गए।
दोनों आरोपियों ने पीड़ित के साथ मारपीट की, उसके कपड़े उतरवाकर न्यूड वीडियो बना ली और उसे वायरल करने की धमकी देकर पैसे ट्रांसफर करवाने लगे।
स्कॉर्पियो में ले जाकर की मारपीट
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उसे जबरन स्कॉर्पियो कार में बैठाकर ले गए और रास्ते में भी मारपीट की। इसके बाद उससे 1.63 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने लगातार फोन कर उससे 5 लाख रुपये की और मांग शुरू कर दी और पैसे नहीं देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगे।
दोस्त को बताई पूरी घटना, पुलिस तक पहुंचा मामला
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीड़ित ने अपने एक परिचित को पूरी घटना बताई। इसके बाद दोनों सेक्टर-37 थाना पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बेरोजगारी में बनाया हनीट्रैप गैंग
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के मुताबिक श्याम सुंदर उर्फ अशोक बीटेक पास है और उसके खिलाफ पहले भी मारपीट के मामले दर्ज हैं। वह राजस्थान के हरीश यादव का दोस्त है।
करीब एक साल पहले दोनों की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए ज्योति से हुई थी। तीनों बेरोजगार थे और जल्दी पैसे कमाने के लिए उन्होंने हनीट्रैप गिरोह बना लिया।
पुलिस कर रही गहन जांच
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यह गिरोह पहले भी कितने लोगों को अपना शिकार बना चुका है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है, ताकि उनसे पूछताछ कर गिरोह की अन्य वारदातों का खुलासा किया जा सके।