{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Bihar Encounter: सीवान में पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनू यादव को एनकाउंटर में किया ढेर, पूर्व BJP MLC के भांजे की हत्या का था आरोप

सीवान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, पिता-पुत्र पर गोलियां बरसाने वाला मुख्य शूटर सोनू यादव मारा गया

 

सीवान/पटना: बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन' लगातार जारी है। इसी कड़ी में रविवार की अहले सुबह सीवान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पूर्व बीजेपी एमएलसी (MLC) मनोज सिंह के भांजे हर्ष सिंह की हत्या के मुख्य आरोपी सोनू यादव को एनकाउंटर में मार गिराया है।

रविवार तड़के हुई मुठभेड़

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हर्ष हत्याकांड का मुख्य शूटर सोनू यादव हुसैनगंज थाना क्षेत्र के आसपास छिपा हुआ है। जब पुलिस टीम ने उसे घेरने की कोशिश की, तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें सोनू यादव गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। सोनू यादव हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया का रहने वाला था।

क्या था पूरा मामला?

बीते 29 अप्रैल को सीवान में एक मामूली विवाद ने खूनी खेल का रूप ले लिया था। जानकारी के मुताबिक, गाड़ी सटने को लेकर हुए विवाद के बाद अपराधियों ने पूर्व एमएलसी मनोज सिंह के बहनोई और उनके भांजे हर्ष सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इस हमले में हर्ष सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस वारदात का एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें आरोपी सरेआम गोलियां चलाता नजर आ रहा था।

एक आरोपी का हुआ था 'हाफ एनकाउंटर'

इस चर्चित हत्याकांड में पुलिस पहले से ही एक्शन मोड में है। कुछ दिनों पहले पुलिस ने मामले के एक अन्य आरोपी छोटू यादव को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। उस दौरान पुलिस की गोली छोटू यादव के पैर में लगी थी, जिसे 'हाफ एनकाउंटर' कहा गया।

हत्या में प्रयुक्त कार और चालक भी गिरफ्तार

नगर थाना पुलिस ने इस मामले में एक और बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए वारदात में इस्तेमाल की गई कार और उसके चालक सुनील यादव को गिरफ्तार कर लिया है। सुनील यादव हुसैनगंज के खरसंडा गांव का निवासी है। पुलिस ने जामो थाना क्षेत्र के मझौलिया गांव से वाहन बरामद किया। चालक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

सीवान पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सोनू यादव के एनकाउंटर के बाद पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।