{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Amethi Crime: आधी रात घर में घुसकर 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म

अमेठी में खौफनाक वारदात; बेटी की चीख सुनकर पहुँची मां पर आरोपी ने ताना कट्टा, मौके पर छूटा मोबाइल; एफआईआर दर्ज कर जाँच में जुटी पुलिस।

 

भदैनी मिरर क्राइम डेस्क: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से एक सनसनीखेज और दर्दनाक मामला सामने आया है, जहाँ आधी रात को घर में घुसकर 15 वर्षीय एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के वक्त बेटी की चीख सुनकर जब मां कमरे में पहुँची, तो आरोपी ने उन पर अवैध कट्टा तान दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए धक्का देकर मौके से फरार हो गया।

पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है और किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।

चीख सुनकर पहुँची मां, सामने कट्टा ताने खड़ा था आरोपी

घटना जिले के एक गाँव की है। पीड़िता की मां द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, घटना 3 अक्टूबर की रात करीब डेढ़ बजे की है। आरोप है कि गाँव का ही रहने वाला अमन गुप्ता उर्फ मनोज कुमार गुप्ता चोरी-छिपे उनके घर में दाखिल हुआ और नाबालिग लड़की के साथ जबरन दुष्कर्म किया।

बेटी की चीख-पुकार सुनकर मां तुरंत उसके कमरे की ओर दौड़ी। जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला, आरोपी हाथ में कट्टा ताने खड़ा था और घटना के बारे में किसी को बताने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा था। मां जब तक संभल पातीं या शोर मचाकर ग्रामीणों को एकत्र करतीं, आरोपी उन्हें धक्का देकर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।

मौके पर छूटा आरोपी का मोबाइल फोन

परिजनों के मुताबिक, भागने की जल्दबाजी में आरोपी का मोबाइल फोन पीड़िता के घर में ही छूट गया, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है। घटना के बाद बदहवास परिजन पीड़िता को लेकर स्थानीय थाने पहुँचे और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस का पक्ष

मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी राम राज कुशवाहा ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण (Medical Examination) कराया जा रहा है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जाँच कर रही है और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।