{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी में जहरखुरान का शिकार बना युवक, कैमरा खरीदकर लौट रहे फोटोग्राफर को चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर लूटा

कछवांरोड की घटना- सोनी कैमरा, लेंस, मोबाइल और चांदी का ब्रेसलेट लेकर फरार हुआ बाइक सवार बदमाश

 

डिजिटल डेस्क, वाराणसी/मिर्जामुराद: वाराणसी में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक बानगी मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में देखने को मिली है। प्रयागराज से वाराणसी के लहुराबीर कैमरा खरीदने आए एक युवक को शातिर जहरखुरान ने लिफ्ट देने के बहाने अपनी ठगी का शिकार बना लिया। बदमाश ने युवक को नशीला पदार्थ मिली चाय पिलाकर अचेत कर दिया और उसका महंगा सोनी कैमरा, लेंस, मोबाइल फोन व चांदी का ब्रेसलेट लूटकर कछवांरोड हाइवे के पास छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रयागराज जिले के हंडिया थाना अंतर्गत बरौत गांव निवासी प्रिंस मोदनवाल (पुत्र भरतलाल मोदनवाल) फोटोग्राफी और वीडियो से जुड़े काम के लिए 12 नवंबर को बस द्वारा वाराणसी कैंट पहुंचे थे। वहां से वह लहुराबीर स्थित 'बॉम्बे फोटो केयर' दुकान पर सोनी एम-4 (Sony M-4) कैमरा और उससे जुड़ी एसेसरीज खरीदने गए थे।

खरीददारी पूरी करने के बाद जब वह घर लौटने के लिए निकले, तो लहुराबीर क्षेत्र में उन्हें एक अपरिचित मोटरसाइकिल सवार मिला। आरोपी ने मिर्ज़ापुर जाने का रास्ता पूछने का नाटक किया और प्रिंस से उनके गंतव्य के बारे में पूछा। जब प्रिंस ने औराई जाने की बात कही, तो शातिर ने कहा कि वह भी उधर ही जा रहा है और उसे औराई तक छोड़ देगा।

मुदैला के पास पिलाई नशीली चाय, राजातालाब के बाद खोई सुध

भरोसा करके प्रिंस उसकी बाइक पर बैठ गए। रास्ते में मुदैला के पास आरोपी ने एक चाय की दुकान पर रोककर प्रिंस को चाय पिलाई। इसके बाद रास्ते में कथित तौर पर कोई नशीला या विषैला पदार्थ सुंघा दिया। प्रिंस के मुताबिक, उन्हें राजातालाब तक का सफर तो याद रहा, लेकिन उसके बाद वह पूरी तरह अचेत (बेहोश) हो गए।

कछवांरोड हाइवे पर शौचालय के पास फेंका, मोबाइल से दी परिजनों को सूचना

बदमाश ने बेहोशी की हालत में प्रिंस का सोनी एम-4 कैमरा, लेंस, अन्य एसेसरीज, मोबाइल फोन और चांदी का ब्रेसलेट निकाल लिया। इसके बाद शातिर ने प्रिंस के ही मोबाइल से उनके रिश्तेदारों को उनकी लोकेशन की सूचना दी और फरार हो गया।

परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली, तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे और प्रिंस को अचेत अवस्था में कछवां बाजार चौकी के पास हाइवे पर बने शौचालय के समीप पाया। परिजन तुरंत उन्हें लेकर 'प्रकाश हॉस्पिटल' पहुंचे, जहां इलाज के बाद अगली सुबह करीब सात बजे उन्हें होश आया। होश में आने के बाद पीड़ित परिवार ने मिर्जामुराद थाने पहुंचकर पूरी घटना की लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।