शेयर बाजार में आएगा महाक्रैश! सोने का भाव ₹3 लाख और चांदी ₹5 लाख के पार जाएगी: रॉबर्ट कियोसाकी की बड़ी भविष्यवाणी
मंदी के इस दौर में शिकार नहीं, अमीर बनने की तैयारी करें निवेशक
वेब डेस्क (भदैनी मिरर): वैश्विक मंदी और महंगाई के बीच मशहूर किताब ‘रिच डैड पुअर डैड’ (Rich Dad Poor Dad) के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी (Robert Kiyosaki) ने एक बार फिर वित्तीय जगत में खलबली मचा दी है। कियोसाकी ने शेयर बाजार में एक बड़े क्रैश (महागिरावट) की चेतावनी देते हुए सोने और चांदी की कीमतों को लेकर ऐसी भविष्यवाणी की है, जिसने निवेशकों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। उनकी मानें तो आने वाले समय में घरेलू बाजार में सोने का भाव ₹3,00,000 प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव ₹5,00,000 प्रति किलोग्राम के पार जा सकता है।
जिम रिकार्ड्स के हवाले से किया बड़ा दावा
रॉबर्ट कियोसाकी ने सोशल मीडिया पर दिग्गज मार्केट विश्लेषक जिम रिकार्ड्स के अनुमानों का हवाला देते हुए लिखा कि आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में गोल्ड का रेट $1,000 प्रति आउंस तक (संशोधित अनुमानों के तहत) और चांदी का रेट $200 प्रति आउंस तक पहुंच सकता है। वर्तमान में वैश्विक बाजार में सोना $4,500 प्रति आउंस और चांदी $75 प्रति आउंस के आसपास ट्रेड कर रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में यह उथल-पुथल जारी रही, तो भारतीय सर्राफा बाजार में सोना 3 लाख रुपये और चांदी 5 लाख रुपये के ऐतिहासिक स्तर को पार कर जाएगी।
"मंदी के शिकार न बनें, बल्कि अमीर बनें"
दुनिया भर के शेयर बाजार इस समय ईंधन की बढ़ती कीमतों और रिकॉर्डतोड़ महंगाई के कारण संघर्ष कर रहे हैं। भारतीय शेयर बाजार भी इस वैश्विक अस्थिरता से अछूता नहीं है। इस स्थिति पर कियोसाकी ने निवेशकों को गुरुमंत्र देते हुए लिखा— "अच्छे और समझदार निवेशक भविष्य को पहले ही भांप लेते हैं और उसी के अनुसार कदम उठाते हैं। ध्यान रहे, आपको बाजार की इस गिरावट का शिकार नहीं बनना है, बल्कि इस मौके का फायदा उठाकर अमीर बनना है।"
क्या एक और बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रही है दुनिया?
कियोसाकी की इस नई भविष्यवाणी के बाद आर्थिक गलियारों में यह बहस तेज हो गई है कि क्या विश्व अर्थव्यवस्था एक बार फिर गंभीर मंदी की ओर बढ़ रही है। महंगाई के कारण केंद्रीय बैंकों पर दबाव है और निवेशक अब सुरक्षित निवेश के रूप में शेयर बाजार से पैसा निकालकर सोने और चांदी (Safe Haven Assets) की तरफ रुख कर रहे हैं।
घरेलू बाजार में आज क्या हैं सोने और चांदी के रेट?
इंडियन बुलियंस ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, सप्ताहांत की छुट्टियों से ठीक पहले सर्राफा बाजार में कीमतें अपने उच्चतम स्तरों पर थीं:
| गोल्ड/सिल्वर का प्रकार | ताजा रेट (प्रति 10 ग्राम/किलोग्राम) |
| 24 कैरेट गोल्ड | ₹1,58,117 प्रति 10 ग्राम |
| 23 कैरेट गोल्ड | ₹1,57,484 प्रति 10 ग्राम |
| 22 कैरेट गोल्ड | ₹1,44,835 प्रति 10 ग्राम |
| 18 कैरेट गोल्ड | ₹1,18,588 प्रति 10 ग्राम |
| 14 कैरेट गोल्ड | ₹92,498 प्रति 10 ग्राम |
| चांदी (Silver) | ₹2,66,000 प्रति किलोग्राम |
(नोट: शनिवार और रविवार को बाजार बंद रहने के कारण नई कीमतें जारी नहीं की गई हैं, सोमवार को नया भाव खुलेगा।)
पीएम मोदी की अपील और सरकार का बड़ा कदम
सोने की लगातार बढ़ती कीमतों और देश से बाहर जा रहे विदेशी मुद्रा भंडार को नियंत्रित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से फिलहाल एक साल तक सोना न खरीदने की अपील की है। पीएम की इस मुहिम को बल देने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए गोल्ड और सिल्वर पर लगने वाली इंपोर्ट ड्यूटी (आयात शुल्क) को 6 प्रतिशत से सीधे बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया है, ताकि सोने के आयात को कम किया जा सके और घरेलू अर्थव्यवस्था को मजबूती दी जा सके।