{"vars":{"id": "125128:4947"}}

PM Kisan Yojana: 23वीं किस्त से पहले सरकार ने जारी किया बड़ा अपडेट, जानें आपके खाते में कब आएंगे ₹2000!

2.17 करोड़ से अधिक महिलाओं को मिला सीधा लाभ, अब तक किसानों को मिले ₹4.28 लाख करोड़

 

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Yojana) के करोड़ों लाभार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। योजना की 23वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार कर रहे किसानों के बीच सरकार ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए नई जानकारी साझा की है। कृषि मंत्रालय और पीएम किसान के आधिकारिक 'एक्स' (X) हैंडल से योजना की पारदर्शिता और अब तक की उपलब्धियों को लेकर डेटा जारी किया गया है।

अब तक 4.28 लाख करोड़ रुपये सीधे खातों में

सरकार द्वारा साझा किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पीएम किसान योजना के तहत अब तक कुल 22 किस्तें जारी की जा चुकी हैं। इसके माध्यम से देश के किसानों के बैंक खातों में 4.28 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे (DBT के जरिए) ट्रांसफर की गई है। सरकार ने विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए बताया कि 2.17 करोड़ से अधिक महिला लाभार्थियों को ₹1.10 लाख करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।

कब आएगी 23वीं किस्त?
हालांकि सरकार ने अभी तक 23वीं किस्त की सटीक तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन पिछले वर्षों के रुझानों को देखें तो वित्त वर्ष की पहली किस्त अक्सर जून से अगस्त के बीच जारी होती है। विशेषज्ञों का मानना है कि जून के आखिरी हफ्ते या जुलाई के मध्य तक किसानों के खाते में ₹2000 की अगली किस्त भेजी जा सकती है।

नए किसानों के लिए 'फॉर्मर आईडी' हुई जरूरी

यदि आप नए किसान हैं और पहली बार इस योजना से जुड़ना चाहते हैं, तो अब नियमों में बड़ा बदलाव हुआ है। अब पीएम किसान पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के लिए 'फॉर्मर आईडी' (Farmer ID) अनिवार्य कर दी गई है। बिना इस विशिष्ट पहचान पत्र के नए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य इसके जरिए फर्जीवाड़े को रोकना और केवल पात्र किसानों तक लाभ पहुंचाना है।

डिजिटल पोर्टल बना 'वन-स्टॉप समाधान'

सरकार ने किसानों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए पीएम-किसान पोर्टल की सराहना की है। यह पोर्टल पंजीकरण, भुगतान ट्रैकिंग और रीयल-टाइम सहायता के लिए एक पारदर्शी माध्यम बन गया है, जिससे किसानों को बिचौलियों से मुक्ति मिली है।