{"vars":{"id": "125128:4947"}}

पेट्रोल-डीजल के दाम: नायरा एनर्जी ने दी बड़ी राहत, जानें आज सरकारी कंपनियों ने क्या तय किए रेट?

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल (Crude Oil) 71 डॉलर के नीचे लुढ़क गया है

 

नई दिल्ली/बिजनेस डेस्क: वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आ रही लगातार गिरावट के बीच तेल उपभोक्ताओं के लिए एक अच्छी और एक मायूस करने वाली खबर है। प्राइवेट सेक्टर की दिग्गज ऑयल मार्केटिंग कंपनी नायरा एनर्जी (Nayara Energy) ने अपने ग्राहकों को बड़ी राहत देते हुए पेट्रोल और डीजल के दामों में भारी कटौती की है। कंपनी ने देश भर में मौजूद अपने करीब 7,000 आउटलेट्स पर पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर सस्ता कर दिया है।

दूसरी तरफ, सरकारी तेल कंपनियों (IOCL, HPCL, BPCL) ने आज 2 जुलाई को ईंधन के नए रेट जारी तो किए हैं, लेकिन आम जनता के हाथ मायूसी ही लगी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड के 71 डॉलर से नीचे आने के बावजूद सरकारी कंपनियों ने आज कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है।

सरकारी और नायरा के पंपों पर रेट का गणित

दिलचस्प बात यह है कि नायरा एनर्जी द्वारा 5 रुपये की कटौती के बाद भी कई शहरों में इसके दाम सरकारी कंपनियों के आसपास या उनसे थोड़े अधिक हैं।

  • बेंगलुरु: कटौती के बाद नायरा के पंप पर पेट्रोल 111.20 रुपये और डीजल 98.80 रुपये लीटर मिल रहा है। वहीं, सरकारी कंपनी इंडियन ऑयल (IOC) के पंप पर पेट्रोल 110.91 रुपये और डीजल 98.80 रुपये लीटर है।

  • फरीदाबाद: नायरा के पंप पर पेट्रोल 103 रुपये और डीजल 98.84 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।

  • महाराष्ट्र: यहाँ नायरा के आउटलेट्स पर पेट्रोल 111.66 रुपये और डीजल 97.99 रुपये लीटर पर आ गया है।

क्यों घटे दाम? दरअसल, ईरान युद्ध के समय जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में हड़कंप मचा था, तब सबसे पहले नायरा ने ही पेट्रोल पर ₹5 और डीजल पर ₹3 बढ़ाए थे। इसके बाद मई में सरकारी कंपनियों ने ₹7.50 की बढ़ोतरी की थी। अब कच्चे तेल के दाम गिरने पर नायरा ने अपने बढ़ाए हुए दाम वापस ले लिए हैं।

क्रूड ऑयल मार्केट का हाल 

ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार नरमी देखी जा रही है। अमेरिकी WTI क्रूड 0.76 डॉलर टूटकर 67.82 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। वहीं, बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड भी 0.62 डॉलर की गिरावट के साथ 70.95 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है।

प्रमुख शहरों में आज सरकारी पंपों पर पेट्रोल-डीजल के रेट

आज 2 जुलाई को देश के बड़े शहरों में सरकारी तेल कंपनियों के पेट्रोल-डीजल के भाव इस प्रकार हैं:

शहर पेट्रोल (रुपये/लीटर) डीजल (रुपये/लीटर)
दिल्ली 102.12 95.20
मुंबई 111.21 97.83
कोलकाता 113.51 99.82
चेन्नई 107.77 99.55
पटना 112.70 99.87
जयपुर 112.66 97.78
लखनऊ 102.05 99.28
अयोध्या 102.40 97.87
भोपाल 114.65 99.74
इंदौर 114.61 99.70

नोट: सरकारी कंपनियों के रेट में आज कोई बदलाव नहीं किया गया है, यह कल के स्तर पर ही स्थिर हैं।