NSE IPO News: SEBI से NSE आईपीओ को मिली मंजूरी, SBI, GIC Re और Bank of Baroda के शेयरों पर रहेगा बाजार का ध्यान
₹30,000 करोड़ का भारत का सबसे बड़ा OFS आईपीओ! 15 सितंबर को आ सकता है इश्यू, जानें एसबीआई और बैंक ऑफ बड़ौदा को कितना होगा फायदा
भदैनी मिरर (बिजनेस डेस्क): भारतीय शेयर बाजार के इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ (IPO) लाने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पूंजी बाजार नियामक सेबी (SEBI) ने देश के सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज—'नेशनल स्टॉक एक्सचेंज' (NSE) को अपने बहुप्रतीक्षित 30,000 करोड़ रुपये के इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) के लिए हरी झंडी (ऑब्जर्वेशन लेटर) दे दी है।
नियामक की मंजूरी मिलते ही सोमवार (7 सितंबर 2026) को भारतीय स्टेट बैंक (SBI), बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB), जीआईसी री (GIC Re), एनआईएसीएल (NIACL) और आईएफसीआई (IFCI) के शेयरों में जोरदार हलचल देखने को मिल सकती है।
पूरी तरह OFS होगा आईपीओ, दिग्गज शेयरधारकों की होगी चांदी
प्रस्तावित ₹30,000 करोड़ का यह आईपीओ पूरी तरह से ऑफर-फॉर-सेल (OFS) होगा, जिसमें एक्सचेंज के मौजूदा शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी बेचकर पूंजी जुटाएंगे। बहुत कम अधिग्रहण लागत (Acquisition Cost) होने के कारण इन सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और बीमा कंपनियों को इस लिस्टिंग से भारी मुनाफा होगा:
-
SBI (स्टेट बैंक ऑफ इंडिया): सबसे बड़ा बिकवाल शेयरधारक, जो अपने पास मौजूद लगभग 2.47 करोड़ शेयर बेचेगा।
-
Bank of Baroda: करीब 1.1 करोड़ शेयर ऑफलोड करने की तैयारी में है।
-
GIC Re और NIACL: जीआईसी री लगभग 1.1 करोड़ शेयर और एनआईएसीएल करीब 1.05 करोड़ शेयर बेचेगी।
-
IFCI: स्टॉक होल्डिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया में अपनी 52.8% हिस्सेदारी के जरिए एनएससी में करीब 4.4% की अप्रत्यक्ष हिस्सेदारी का फायदा उठाएगा।
हुंडई और एलआईसी को पछाड़ बनेगा सबसे बड़ा आईपीओ
एनएससी का यह 14.89 करोड़ शेयरों का सार्वजनिक निर्गम भारत का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ बनने जा रहा है। यह 2024 के हुंडई मोटर इंडिया (₹27,858 करोड़), 2022 के एलआईसी (₹20,557 करोड़) और पेटीएम (₹18,300 करोड़) के आईपीओ रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देगा।
-
संभावित तारीखें: सूत्रों के अनुसार, आईपीओ 15 सितंबर 2026 को सदस्यता के लिए खुल सकता है और 24-25 सितंबर के बीच इसकी लिस्टिंग हो सकती है।
-
मार्केट कैप: लिस्टिंग के साथ ही एनएससी भारत की 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों की सूची में शामिल हो जाएगा।
Q1 FY27 में दर्ज किया ₹3,120 करोड़ का मुनाफा
चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (Q1 FY27) में एनएससी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ₹3,120 करोड़ का समेकित शुद्ध लाभ (PAT) दर्ज किया है, जो पिछले साल की समान अवधि (₹2,924 करोड़) की तुलना में 7% अधिक है।
तिमाही के दौरान एक्सचेंज की कुल आय 9% बढ़कर ₹5,252 करोड़ पर पहुंच गई, जिसमें ट्रांजैक्शन चार्ज से मिला राजस्व ₹3,623 करोड़ रहा। इसके अलावा एनएससी ने पहली तिमाही में सरकारी खजाने में एसटीटी/सीटीटी (STT/CTT) और जीएसटी मिलाकर कुल ₹20,579 करोड़ का टैक्स योगदान दिया है।