{"vars":{"id": "125128:4947"}}

एचडीएफसी बैंक ने ग्राहकों को दिया झटका, महंगा किया लोन; बढ़ गई होम और पर्सनल लोन की EMI

एमसीएलआर लिंक्ड लोन लेने वाले ग्राहकों की जेब पर पड़ेगा असर; जानें अब कितनी बढ़ जाएगी आपकी मासिक किस्त (EMI)

 

नई दिल्ली/फाइनेंस डेस्क (भदैनी मिरर): देश के सबसे बड़े निजी बैंकों में शुमार HDFC Bank ने अपने ग्राहकों को एक बड़ा झटका दिया है। बैंक ने मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड बेस्ड लेंडिंग रेट (MCLR) में बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। बैंक द्वारा सभी सात अवधियों (Tenures) के एमसीएलआर में 5 से 15 बेसिस पॉइंट (0.05% से 0.15%) तक का इजाफा किया गया है। बैंक की ये बढ़ी हुई नई दरें 7 नवंबर से लागू हो चुकी हैं। इस फैसले के बाद HDFC बैंक से होम लोन, पर्सनल लोन, ऑटो लोन और अन्य कर्ज लेने वाले ग्राहकों की ईएमआई (EMI) बढ़ सकती है।

कितनी हो गई है नई एमसीएलआर दरें?

इस बदलाव के बाद एचडीएफसी बैंक का एमसीएलआर अब 7.75 फीसदी से बढ़कर 7.85% से 8.70% के दायरे में पहुंच गया है, जो पहले 7.75% से 8.55% के बीच था। बैंक ने लंबी अवधि वाले एमसीएलआर में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी की है:

  • 6 महीने, 1 साल, 2 साल और 3 साल की अवधि वाले एमसीएलआर में 15 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की गई है।

  • अन्य अवधियों के एमसीएलआर में 5 से 10 बेसिस पॉइंट तक का इजाफा किया गया है। (बता दें कि 1 बेसिस पॉइंट 0.01 फीसदी के बराबर होता है)

अब ग्राहकों को कितनी चुकानी होगी अतिरिक्त EMI?

यदि आपका लोन एमसीएलआर से लिंक्ड है, तो आपकी मासिक किस्त पर सीधा असर पड़ेगा। उदाहरण के लिए— यदि किसी ग्राहक ने 20 लाख रुपये का होम लोन 20 साल के लिए लिया है और उस पर वर्तमान ब्याज दर 8% है, तो दरें बढ़ने पर ब्याज बढ़कर 8.15% हो जाएगा।

  • 8% ब्याज दर के हिसाब से मासिक किस्त (EMI) ₹16,729 थी।

  • ब्याज दर बढ़कर 8.15% होने पर मंथली किस्त बढ़कर ₹16,916 हो जाएगी।

  • यानी ग्राहकों की मंथली किस्त में करीब ₹200 प्रति माह की बढ़ोतरी हो जाएगी।

किन ग्राहकों पर पड़ेगा इस बदलाव का असर?

एमसीएलआर में इस बढ़ोतरी का असर केवल उन्हीं ग्राहकों पर पड़ेगा, जिनके होम लोन, पर्सनल लोन, ऑटो लोन या अन्य फ्लोटिंग रेट लोन का ब्याज एमसीएलआर से जुड़ा हुआ है।

हालांकि, इसका यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि सभी ग्राहकों की ईएमआई तुरंत बढ़ जाएगी। किसी भी ग्राहक की किस्त कितनी बढ़ेगी, यह इस बात पर निर्भर करता है कि उनका लोन किस बेंचमार्क से लिंक्ड है और उनके लोन एग्रीमेंट में ब्याज दर 'रीसेट डेट' (Reset Date) क्या तय की गई है। जिन ग्राहकों का लोन एक्सटर्नल बेंचमार्क (EBLR) या रेपो रेट से जुड़ा है, उन पर इस बदलाव का सीधा असर नहीं पड़ेगा।