{"vars":{"id": "125128:4947"}}

IPO से पहले Flipkart में बड़ा झटका, CFO श्रीराम वेंकटरमण का इस्तीफा

IPO की तैयारी के बीच CFO ने छोड़ा पद, अंतरिम तौर पर रवि अय्यर संभालेंगे जिम्मेदारी; नए CFO का ऐलान बाकी

 

नई दिल्ली। ई-कॉमर्स सेक्टर की दिग्गज कंपनी Flipkart में IPO की तैयारियों के बीच बड़ा बदलाव हुआ है। कंपनी के ग्रुप CFO श्रीराम वेंकटरमण ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। शुक्रवार को कंपनी ने इसकी आधिकारिक जानकारी साझा की।

कंपनी ने बताया कि वेंकटरमण अगले कुछ महीनों तक ट्रांजिशन प्रक्रिया पूरी होने तक संगठन के साथ जुड़े रहेंगे। इस दौरान अंतरिम तौर पर CFO की जिम्मेदारी रवि अय्यर संभालेंगे और बड़े वित्तीय फैसले लेंगे।

नए CFO का नाम अभी तय नहीं

फ्लिपकार्ट ने अभी तक नए ग्रुप CFO के नाम का ऐलान नहीं किया है। वेंकटरमण पिछले करीब एक दशक से कंपनी के साथ जुड़े हुए थे और कंपनी की वित्तीय रणनीति में उनकी अहम भूमिका रही है।

साथ ही, कंपनी ने निशांत वर्मन को सीनियर वाइस प्रेसिडेंट नियुक्त किया है, जिन्हें कॉरपोरेट डेवलपमेंट और पार्टनरशिप की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 IPO की तैयारी में जुटी कंपनी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्लिपकार्ट जल्द ही अपने IPO की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा सकती है। बताया जा रहा है कि कंपनी ने बैंकर्स और निवेशकों के साथ अनौपचारिक बातचीत शुरू कर दी है।

संभावना है कि फ्लिपकार्ट का IPO इस साल के अंत तक या अगले साल की शुरुआत में आ सकता है।

छंटनी की भी तैयारी

IPO से पहले कंपनी अपने खर्चों को नियंत्रित करने के लिए छंटनी की योजना भी बना रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फ्लिपकार्ट अपने कुल वर्कफोर्स के 3-4% यानी करीब 400-500 कर्मचारियों को प्रदर्शन के आधार पर बाहर कर सकती है।

कैसी है कंपनी की वित्तीय स्थिति?

वित्त वर्ष 2025 में फ्लिपकार्ट का घाटा बढ़कर 5189 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल 4248.30 करोड़ रुपये था।

हालांकि, कंपनी की आय (Revenue) में बढ़ोतरी दर्ज की गई है:

  • FY25: ₹82,787.30 करोड़

  • FY24: ₹70,541.90 करोड़

यानी कंपनी का रेवेन्यू 17.30% की दर से बढ़ा है, लेकिन घाटा भी बढ़ा है।

निवेशकों के लिए क्या संकेत?

IPO से पहले CFO का इस्तीफा कंपनी के लिए अहम संकेत माना जा रहा है। हालांकि, कंपनी अपने बिजनेस विस्तार और फाइनेंशियल स्ट्रक्चर को मजबूत करने में जुटी है।

⚠️ (Disclaimer: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।)