{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Ather Energy Share: 1 साल में 310% रिटर्न देने वाले EV स्टॉक में 18% की तूफानी तेजी

Q1 FY27 में घाटा घटने से चढ़ा एथर एनर्जी का शेयर, 6 महीने में पैसा किया डबल; ग्लोबल ब्रोकरेज हाउस CLSA और नोमुरा हुए बुलिश।

 

वाराणसी (भदैनी मिरर): शेयर बाजार में जारी उतार-चढ़ाव और दबाव के बीच इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर (EV) बनाने वाली प्रमुख कंपनी एथर एनर्जी (Ather Energy) के शेयरों में मंगलवार को धमाकेदार तेजी दर्ज की गई। शानदार तिमाही नतीजों के दम पर कंपनी का शेयर 18 फीसदी तक उछलकर अपने 52-सप्ताह के नए उच्चतम स्तर ₹1,500 पर पहुंच गया। हालांकि, बाजार कारोबार के दौरान सुबह 11:27 बजे यह शेयर 15 प्रतिशत की बढ़त के साथ ₹1,463 के आसपास ट्रेड कर रहा था।

इस मल्टीबैगर शेयर ने लंबी अवधि के निवेशकों को बंपर कमाई कराई है। बीते 1 महीने में शेयर 28% और 3 महीनों में 53% चढ़ चुका है। वहीं, पिछले 6 महीनों में इसने निवेशकों का पैसा दोगुना करते हुए 115% का रिटर्न दिया है। एक साल के आंकड़े देखें तो इस ईवी स्टॉक ने 310 फीसदी का मल्टीबैगर रिटर्न देकर बाजार को चौंका दिया है।

तिमाही घाटे में आई बड़ी गिरावट, मजबूत बनी मांग

एथर एनर्जी के शेयरों में यह तेजी कंपनी द्वारा वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही (Q1 FY27) के नतीजे जारी करने के बाद आई है। कंपनी का नेट लॉस (घाटा) पहले के मुकाबले घटकर ₹51.1 करोड़ रह गया है।

कंपनी प्रबंधन (Management) का कहना है कि अनुकूल सरकारी नीतियों और पेट्रोल के मुकाबले इलेक्ट्रिक वाहनों की कम परिचालन लागत (Cost of Ownership) के कारण बाजार में ईवी टू-व्हीलर्स की मांग बेहद मजबूत बनी हुई है। दिल्ली की ईवी पॉलिसी में भी स्थिरता रहने की उम्मीद है। मैनेजमेंट ने बताया कि कंपनी को वर्तमान में हर महीने औसतन 2,36,000 इंक्वायरी और 50,000 नई बुकिंग्स मिल रही हैं।

ब्रोकरेज हाउस हुए मेहरबान: जानिए किस ब्रोकरेज ने कितना दिया टारगेट

तिमाही नतीजों में वित्तीय सुधार देखने के बाद दिग्गज ग्लोबल ब्रोकरेज फर्मों ने एथर एनर्जी के शेयर पर 'बाय' (Buy) रेटिंग के साथ ऊंचे टारगेट दिए हैं:

  • Nomura (नोमुरा): ग्लोबल ब्रोकरेज हाउस नोमुरा ने कंपनी के घटते घाटे और मजबूत ग्रोथ आउटलुक को देखते हुए इस शेयर पर ₹1,714 का सबसे बड़ा टारगेट प्राइस तय किया है।

  • CLSA: ब्रोकरेज फर्म CLSA ने इस शेयर के लिए ₹1,600 का लक्ष्य दिया है। CLSA का मानना है कि कंपनी का साल-दर-साल वॉल्यूम 81% बढ़ा है, जो इंडस्ट्री की 68% ग्रोथ से काफी बेहतर है। इसके अलावा कंपनी के EBITDA मार्जिन में भी 319 बेसिस पॉइंट्स (bps) का सुधार हुआ है।

  • HSBC: एचएसबीसी ने शेयर के लिए ₹1,450 से ऊपर जाने का अनुमान जताया था, जिसे स्टॉक ने मंगलवार के कारोबारी सत्र में ही पार कर लिया।