{"vars":{"id": "125128:4947"}}

यह क्या कर बैठे नीतीश कुमार! नियुक्ति पत्र कार्यक्रम में महिला का हिजाब खींचने का आरोप, वीडियो वायरल 

आरजेडी और कांग्रेस ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ उठाए गंभीर सवाल; सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा विवादित घटनाक्रम

 


पटना।  बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान एक महिला चिकित्सक के हिजाब को हटाने का आरोप लगते ही राजनीति में हलचल मच गई है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिला चिकित्सक नुसरत प्रवीण को नियुक्ति पत्र देते समय उनका हिजाब हटाया। यह कार्यक्रम आज आयोजित किया गया था।

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी। RJD नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार महिलाओं का अपमान कर रहे हैं और अब वे बिहार संभालने की स्थिति में नहीं हैं। पार्टी प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि यह आचरण महिलाओं के सम्मान के खिलाफ है और सरकार की मानसिक स्थिति पर सवाल उठाता है।

कांग्रेस पार्टी ने भी मुख्यमंत्री के खिलाफ कड़ी प्रतिक्रिया दी। पार्टी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि जब राज्य का मुख्यमंत्री सार्वजनिक मंच पर ऐसा व्यवहार करता है, तो महिलाओं की सुरक्षा को लेकर क्या संदेश जाएगा। कांग्रेस ने इस घटना के लिए नीतीश कुमार से इस्तीफे की मांग भी की।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बिहार की राजनीति में गरमाहट बढ़ गई है। विपक्ष लगातार इस मुद्दे को उठाकर सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है।

विशेषज्ञों का कहना है कि सार्वजनिक मंच पर इस तरह का व्यवहार संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के लिए अनुचित है और इससे महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर सवाल उठते हैं।