{"vars":{"id": "125128:4947"}}

पटना में इंसानियत शर्मशार : साढ़े तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म, आरोपित युवक गिरफ्तार

घर के बाहर खेलते समय बच्ची को बहला-फुसला कर ले गया था युवक 

 

घटना के बाद घर लौटी बच्ची रोने लगी तो हुआ मामले का खुलासा

पटना। पटना (बिहार) के बिहटा थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मशार करने वाली घटना हुई। यहां साढ़े तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपित गुड्डू कुमार (24) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस बच्ची की मां की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर, बच्ची का मेडिकल कराने को अस्पताल भेजा है। मां का आरोप है कि गांव के युवक ने बहला-फुसलाकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

पीड़िता की मां के अनुसार शुक्रवार की शाम को बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान गांव का रहनेवाला गुड्डू बेटी को बहला फुसलाकर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद लौटी बच्ची ने काफी रोना शुरू किया तो पूछताछ की। तब बच्ची ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि एक महिला ने बच्ची से दुष्कर्म की शिकायत की है। आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची का इलाज कराया जा रहा है।