{"vars":{"id": "125128:4947"}}

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी की रस्में शुरू, तिलक-फलदान पर मां नीलम देवी ने दिया आशीर्वाद

नदवां गांव में 10 बीघा में बन रहा महलनुमा पंडाल, घुड़दौड़ विजेता को इनाम में मिलेगी सफेद थार

 

बिहार डेस्क, पटना। बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी के विवाह समारोह की शुक्रवार को तिलक और फलदान की रस्मों के साथ विधिवत शुरुआत हो गई। इस अवसर पर मोकामा की पूर्व विधायक एवं शिवांगी की मां नीलम देवी ने अपनी बेटी के सिर पर पल्लू रखकर भावुक आशीर्वाद दिया। परिवार और रिश्तेदारों की मौजूदगी में दुल्हन बनने जा रहीं शिवांगी की गोद भराई की रस्म भी संपन्न हुई, जिसमें वे ससुराल पक्ष की ओर से आई लाल साड़ी ओढ़े नजर आईं।

विधायक अनंत सिंह ने सोशल मीडिया पर तिलक और फलदान समारोह का वीडियो भी साझा किया है, जिसमें घर की महिलाएं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गोद भराई करती दिखाई दे रही हैं।

पटना के बिहटा से आएगी बारात, दामाद को गिफ्ट करेंगे लैंड रोवर डिफेंडर

जानकारी के अनुसार, तिलक समारोह शुक्रवार को पटना के दानापुर स्थित एक रिसॉर्ट में वर पक्ष की ओर से आयोजित किया गया। शिवांगी की शादी पटना के बिहटा निवासी ऋषिकेश कुमार से हो रही है और बारात 25 नवंबर को आएगी। चर्चा है कि विधायक अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद को उपहार स्वरूप लगभग 2 से 3 करोड़ रुपये कीमत की लैंड रोवर डिफेंडर कार भेंट करेंगे।

शादी के प्रमुख कार्यक्रमों का पूरा शेड्यूल

विवाह समारोह के अंतर्गत आगामी दिनों में कई पारंपरिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे:

  • 23 नवंबर: अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां (बाढ़, जिला पटना) में हल्दी और कलश पूजन से जुड़े कार्यक्रम होंगे।

  • 24 नवंबर: मेहंदी और संगीत समारोह का आयोजन रखा गया है।

  • 25 नवंबर (सुबह व दोपहर): सुबह अनंत सिंह के पुत्र अभिनव कुमार का जनेऊ संस्कार होगा। इसके बाद सुबह 10 बजे से कव्वाली का कार्यक्रम और दोपहर में घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

  • 25 नवंबर (शाम व रात): शाम 5 बजे से बारात स्वागत व अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे तथा रात्रि में शुभ मुहूर्त में फेरे संपन्न होंगे।

10 बीघा में पंडाल, हेलीपैड और 150 पकवान

25 नवंबर को शादी के दिन नदवां गांव में भव्य आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। शुक्रवार सुबह अनंत सिंह स्वयं नदवां स्थित घुड़दौड़ मैदान पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शादी के दिन होने वाली घुड़दौड़ प्रतियोगिता में देशभर के नामी घोड़े हिस्सा लेंगे और विजेता को इनाम में दी जाने वाली सफेद थार गाड़ी नदवां पहुंच चुकी है।

ग्रामीणों व आयोजकों के अनुसार, 25 नवंबर की शाम नदवां गांव में विशाल प्रीतिभोज का आयोजन किया गया है, जिसमें करीब 4 लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है। मेहमानों के स्वागत के लिए लगभग 10 बीघा जमीन पर महलनुमा शाही पंडाल तैयार किया जा रहा है, वीवीआईपी मेहमानों के लिए हेलीपैड बनाए गए हैं और भोज में करीब 150 प्रकार के पकवान परोसे जाएंगे।