{"vars":{"id": "125128:4947"}}

...तो क्या घोड़ा नहीं दौड़ेगा और हेलीकॉप्टर नहीं उतरेगा; आखिर अनंत सिंह ने ऐसा क्यों कहा 

25 हेलीकॉप्टर उतारने की थी योजना; 4 लाख मेहमानों के लिए बन रहे 150 प्रकार के पकवान

 

पटना। बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की तैयारियां नदवां में बड़े पैमाने पर चल रही हैं, लेकिन खराब मौसम और बारिश ने आयोजकों की चिंता बढ़ा दी है। अकवान तूफान के असर से हो रही बारिश के कारण करीब 10 बीघा जमीन पर तैयार किए जा रहे भव्य पंडाल और अन्य व्यवस्थाओं में खलल पड़ रहा है। एक समाचार चैनल से बातचीत में अनंत सिंह ने कहा कि यदि मौसम ऐसा ही रहा तो गीली मिट्टी पर न तो वीवीआईपी मेहमानों के हेलीकॉप्टर उतर पाएंगे और न ही घुड़दौड़ हो सकेगी।

25 हेलीकॉप्टर उतारने की थी तैयारी, अब सड़क मार्ग से आएंगे अतिथि

अनंत सिंह इन दिनों पटना छोड़कर नदवां में ही कैंप कर रहे हैं। 20 नवंबर को फलदान और तिलक की रस्में संपन्न होने के बाद अब 25 नवंबर को बारात आने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मौसम के बदले मिजाज पर अनंत सिंह ने बताया कि पंडाल, सजावट और जयमाला मंच तैयार करने में लगे कारीगरों को बारिश से काफी परेशानी हो रही है।

उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की मिट्टी ऐसी है जो जल्दी नहीं सूखती, इसलिए गीली जमीन पर 25 हेलीकॉप्टर उतारना खतरनाक होगा। ऐसे में अब केवल वही अतिथि शामिल हो पाएंगे जो सड़क मार्ग से आ सकते हैं। इसके अलावा, यदि मौसम में सुधार नहीं हुआ तो प्रस्तावित घुड़दौड़ प्रतियोगिता कराना भी कठिन होगा।

4 लाख लोगों के लिए 150 प्रकार के पकवान, घुड़दौड़ विजेता को थार

शाही शादी के लिए बड़े स्तर पर इंतजाम किए गए हैं:

  • भव्य भोज: शादी में करीब चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की जा रही है, जिसके लिए सैकड़ों कारीगरों की टीम 150 प्रकार के शाकाहारी व्यंजन तैयार कर रही है। लाखों की संख्या में रसगुल्ले और काला जामुन बनाए जा रहे हैं।

  • घुड़दौड़ प्रतियोगिता: 25 नवंबर को शादी के दिन ही घुड़दौड़ का आयोजन रखा गया है, जिसके लिए विभिन्न राज्यों से घोड़े नदवां पहुंच चुके हैं। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले को थार, दूसरे स्थान पर रहने वाले को बाइक और तीसरे स्थान पर आने वाले को स्कूटी पुरस्कार में दी जाएगी।

दिन में बेटे अभिनव का जनेऊ संस्कार, रात में होगी शिवांगी की शादी

25 नवंबर को दिन में अनंत सिंह के बेटे अभिनव सिंह का वैदिक रीति-रिवाज से उपनयन (जनेऊ) संस्कार संपन्न होगा, जिस अवसर पर अनंत सिंह बेटे को बीएमडब्ल्यू (BMW) कार उपहार में देंगे। दिन से ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी, जिसमें बॉलीवुड और भोजपुरी इंडस्ट्री के कई चर्चित कलाकार प्रस्तुति देंगे। इसके बाद शाम को ऋषिकेश कुमार बारात लेकर पहुंचेंगे और भव्य स्वागत व जयमाल के साथ विवाह की रस्में संपन्न होंगी।