{"vars":{"id": "125128:4947"}}

"सरकार का हिस्सा होने पर शर्म आती है, आज कोई सुरक्षित नहीं..." - बिहार में महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर भड़के केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान

बिहार में लॉ एंड ऑर्डर पर अपनी ही एनडीए सरकार के खिलाफ चिराग पासवान का बड़ा हमला; बोले- "मेरी सरकार बेटियों को सुरक्षा न दे, यह स्वीकार नहीं!"

 

पटना/नई दिल्ली (भदैनी मिरर): बिहार में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ लगातार बढ़ रही आपराधिक वारदातों को लेकर एनडीए गठबंधन के प्रमुख सहयोगी और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपनी ही सरकार के खिलाफ बेहद सख्त और आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है।

एक टीवी इंटरव्यू के दौरान चिराग पासवान ने बेहद कड़े शब्दों में कहा कि "बिहार में आज कोई खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। मुझे खुद शर्मिंदगी महसूस होती है कि मैं ऐसी सरकार के साथ हूं जहां ऐसी घटनाएं हो रही हैं।"

'हमारी बेटियां शाम को घर से निकलने से पहले सोचने पर मजबूर'

बिहार में लगातार हो रहे अपराधों और बदहाल कानून-व्यवस्था पर दुख जताते हुए चिराग पासवान ने कहा:

"राष्ट्रीय स्तर पर मेरे बिहार की छवि कैसी बन रही है? हमारी बेटियों के मन में डर और असुरक्षा का भाव घर कर गया है। कोई एक बच्ची बता दीजिए जो शाम के वक्त घर से बाहर निकलने से पहले दस बार नहीं सोचती होगी। मैं जिस सरकार का हिस्सा हूं, अगर वही सरकार जनता को सुरक्षा की गारंटी न दे सके, तो यह मुझे कतई स्वीकार्य नहीं होगा।"

जब चिराग से पूछा गया कि क्या वह कोई कड़ा राजनीतिक फैसला लेने जा रहे हैं, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि वह बेहद आक्रोशित हैं और एक सहयोगी के तौर पर अपनी सरकार की इस नाकामी से मुंह नहीं मोड़ सकते।

जमुई, समस्तीपुर और बांका की खौफनाक तस्वीरों से मचा है हड़कंप

गौरतलब है कि हाल ही में जमुई जिले से एक बेहद शर्मनाक और विचलित करने वाला वीडियो सामने आया था, जिसमें कुछ बदमाशों ने एक नाबालिग लड़की और लड़के के साथ बीच सड़क पर हैवानियत की थी।

इसके तुरंत बाद समस्तीपुर, बांका और राज्य के अन्य जिलों से भी महिलाओं व बच्चियों के साथ दरिंदगी और बदसलूकी की वारदातें सामने आईं। इन घटनाओं ने राज्य सरकार के 'सुशासन' और महिला सुरक्षा के दावों की धज्जियां उड़ा दीं।

विपक्ष के लगातार हमलो के बीच अब सरकार के अपने ही सहयोगी चिराग पासवान का यह तीखा और तल्ख तेवर बिहार एनडीए सरकार के लिए एक बड़ी राजनीतिक चुनौती बन गया है।