हाजीपुर में सनसनीखेज खुलासा: चोरों को पिस्तौल देता था और चोरी के गहने खरीदता था सोनार, सरगना समेत 5 गिरफ्तार
नारायणी नगर गोलीकांड का भी हुआ पर्दाफाश; पुलिस ने गंडक पुल के पास से दबोचा गिरोह, 34 ग्राम सोना और 351 ग्राम चांदी के आभूषण जब्त।
भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, हाजीपुर/वैशाली: बिहार के वैशाली जिले की हाजीपुर नगर थाना पुलिस ने एक बड़े और संगठित आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी के आभूषण, नकद रुपये, हथियार और कारतूस के साथ एक आभूषण दुकानदार (सोनार) समेत पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से शहर में सक्रिय चोर गिरोह और अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है। इस सनसनीखेज खुलासे की जानकारी सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साझा की।
गंडक पुल के पास बड़ी घटना की बना रहे थे योजना
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तंगौल जगदम्बा स्थान के पीछे गंडक पुल के नीचे 5-6 अज्ञात बदमाश अवैध हथियारों के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलने पर वरीय अधिकारियों के निर्देशानुसार रात्रि गश्ती दल के साथ पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की।
पुलिस बल को देखकर बदमाशों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के हत्थे चढ़े बदमाशों की पहचान इस प्रकार हुई है:
-
विक्की कुमार सिंह (उम्र 26 वर्ष, मूल निवासी- आमी, थाना दिघवारा, जिला सारण) - गिरोह का सरगना
-
मो. दानिश उर्फ सरवा (उम्र 20 वर्ष, निवासी- पूर्वी नूनगोला, थाना नगर, जिला वैशाली)
-
प्रकाश कुमार उर्फ मेंटल (उम्र 22 वर्ष, निवासी- क्रांति चौक, थाना नगर, जिला वैशाली)
-
मोनू कुमार (उम्र 26 वर्ष, निवासी- छोटी मरई, थाना औद्योगिक क्षेत्र, जिला वैशाली)
-
मनीष कुमार (आभूषण दुकानदार/सोनार, निवासी- मस्जिद चौक, सोनारपट्टी, थाना नगर, जिला वैशाली)
नोट: फरार आरोपी की पहचान मो. अख्तर (दानिश का भाई) के रूप में हुई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
भारी मात्रा में हथियार और औजार बरामद
तलाशी के दौरान सरगना विक्की कुमार सिंह के पास से एक देशी पिस्तौल (जिसकी मैगजीन से 2 जिंदा कारतूस मिले) और मोबाइल बरामद हुआ। इसके अलावा दानिश के पास से 2 जिंदा कारतूस, प्रकाश के पास से लोहे का स्लाइड रिंच तथा मोनू के पास से हेक्सा ब्लेड और पेचकस बरामद किया गया।
कड़ाई से पूछताछ में बदमाशों ने स्वीकार किया कि वे घरों में चोरी की नीयत से वहां एकत्र हुए थे। आरोपियों ने बताया कि वे इससे पहले भी कई बंद घरों को निशाना बना चुके हैं।
सोनार करता था चोरी के गहनों की खरीद और हथियारों की सप्लाई
गिरफ्तार बदमाशों ने पुलिस को बताया कि वे चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण नगर थाना क्षेत्र के सोनारपट्टी स्थित आभूषण विक्रेता मनीष कुमार को बेचते थे। इसके बदले मनीष उन्हें नकद रुपये देता था। चौंकाने वाली बात यह है कि यही सोनार मनीष कुमार चोरों को आपराधिक वारदातों को अंजाम देने के लिए अवैध पिस्तौल भी उपलब्ध कराता था।
विक्की की निशानदेही पर पुलिस ने सारण जिले के दिघवारा स्थित उसके घर पर छापेमारी की, जहां से 4,96,267 रुपये नकद, 34.07 ग्राम सोना (चैन, मंगलसूत्र, लॉकेट, बाली, झुमका आदि) और 351.72 ग्राम चांदी के आभूषण (पायल, बिछिया आदि) बरामद किए गए। पुलिस ने सोनार मनीष कुमार को भी चोरी के जेवर खरीदने और अपराधियों को संरक्षण देने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
नारायणी नगर गोलीकांड का भी हुआ खुलासा
बीती 5 नवंबर की रात नगर थाना क्षेत्र के आशियाना कॉलोनी (हथसारगंज/नारायणी नगर) में चोरी के दौरान घर के मालिक को गोली मारकर घायल कर देने की सनसनीखेज वारदात का भी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पूछताछ में विक्की, दानिश और मोनू ने स्वीकार किया कि रेकी के दौरान जब एक व्यक्ति ने दानिश को दबोच लिया था, तब उसने अपनी देशी पिस्तौल से उस पर गोली चला दी थी और मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट और अन्य संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।