{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Bihar: बिना लड़े मढ़ौरा सीट हार गया NDA, मैदान में थीं  भोजपुरी डांसिंग क्वीन सीमा सिंह 

भोजपुरी फिल्मों की मशहूर अदाकारा और लोजपा (रा) प्रत्याशी सीमा सिंह का नामांकन खारिज — छपरा की मढ़ौरा सीट पर एनडीए को झटका, चिराग पासवान की रणनीति पर उठे सवाल

 

पटना/छपरा।  बिहार विधानसभा चुनाव से पहले ही एनडीए को एक बड़ा झटका लगा है। छपरा जिले की मढ़ौरा विधानसभा सीट से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की उम्मीदवार भोजपुरी डांसिंग क्वीन सीमा सिंह का नामांकन रद्द कर दिया गया है। निर्वाचन पदाधिकारी ने उनके नामांकन पत्र की जांच के दौरान दस्तावेजों में खामियां पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की। इस फैसले के बाद अब मढ़ौरा सीट पर एनडीए बिना लड़े ही एक कदम पीछे हट गया है।

लोजपा (रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने सीमा सिंह को मढ़ौरा सीट से प्रत्याशी घोषित किया था। सीमा के नामांकन रद्द होने से न केवल पार्टी बल्कि पूरे एनडीए गठबंधन के समीकरणों पर असर पड़ सकता है।


कौन हैं सीमा सिंह?

भोजपुरी सिनेमा की दुनिया में सीमा सिंह एक चर्चित नाम हैं। उन्हें इंडस्ट्री की “डांसिंग क्वीन” कहा जाता है। अपनी ग्लैमरस अदाओं और दमदार डांस परफॉर्मेंस से उन्होंने दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है। सीमा सिंह को अक्सर भोजपुरी की “सनी लियोनी” भी कहा जाता है।
उनका डांस नंबर “मिसिर जी तू तो बाड़ बड़ा ठंडा” (फिल्म: निरहुआ रिक्शेवाला) बेहद लोकप्रिय हुआ था। निरहुआ के साथ उनके इस गाने ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) की रहने वाली सीमा ने बिहार के नवादा जिले के सौरव सिंह से शादी की है।


600 से अधिक फिल्मों में किया आइटम डांस

सीमा सिंह अब तक 600 से अधिक फिल्मों में आइटम डांस कर चुकी हैं। भोजपुरी के अलावा उन्होंने हिंदी, मराठी, गुजराती, तमिल, बंगाली और राजस्थानी फिल्मों में भी काम किया है। उनकी हिट फिल्मों में हम दो अंजाने (2011), छोड़ब ना संग तोहार और हिम्मतवाला जैसी फिल्में शामिल हैं।
उनके गाने सोशल मीडिया पर अक्सर वायरल होते हैं और वे आज भी भोजपुरी इंडस्ट्री की सबसे चर्चित आइटम डांसरों में से एक मानी जाती हैं।

राजनीति में नई, लेकिन झटका बड़ा

सीमा सिंह ने हाल ही में ग्लैमर की दुनिया से राजनीति में कदम रखा था। चिराग पासवान की पार्टी ने उन्हें मढ़ौरा से टिकट देकर नया मौका दिया था। लेकिन नामांकन रद्द होने से उनका पहला चुनावी सफर शुरू होने से पहले ही थम गया।
मढ़ौरा सीट से लोजपा (रा) प्रत्याशी सीमा सिंह, बसपा से आदित्य कुमार, जदयू से बागी अल्ताफ आलम राजू और निर्दलीय विशाल कुमार का नामांकन भी रद्द कर दिया गया है।
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को होनी है।