बिहार में जयमाल के दौरान कथित प्रेमी ने दुल्हन को मारी गोली, मची अफरातफरी
बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा नगर पंचायत के मल्लाह टोली में हुई सनसनीखेज वारदात
दुल्हन का पड़ोसी है गोली मारने वाला युवक, पुलिस कर रही सरगर्मी से तलाश
दुल्हन की हालत गंभीर, चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर किया
बक्सर। बिहार के बक्सर जिले में शादी समारोह में जयमाल के दौरान पहुंचे कथित प्रेमी ने दुल्हन आरती को ही गोली मार दी। इस घटना से अफरातफरी मच गई। गोली मारने के बाद कथित प्रेमी भाग निकला। गंभीर रूप से घायल दुल्हन को अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। यह सनसनीखेज वारदात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा नगर पंचायत स्थित मल्लाह टोली में मंगलवार की रात हुई। पुलिस हमलावर की तलाश में दबिश दे रही है। शादी में अच्छा-खासा खुशियों का माहौल था। इस घटना के बाद मातम पसर गया।
जानकारी के अनुसार, बारात उत्तर प्रदेश बलियाक के सुलेमनपुर से चौसा गांव आई थी। जयमाल की रस्म चल रही थी, तभी पड़ोस का एक युवक अचानक स्टेज पर चढ़ गया और हत्या के इरादे से दुल्हन आरती कुमारी (18) पर गोली चला दी। गोली लगते ही दुल्हन गंभीर रूप से घायल होकर मंच पर ही गिर पड़ी। अफरातफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। युवक के हाथ में असलहा देख लोगों ने उसको पकड़ने की हिम्मत नही की। इसी दौरान मौका मिला और गोली मारनेवाला युवक भाग निकला। आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण घायल दुल्हन को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया और हालत गंभीर देख उसे वाराणसी में बीएचयू ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
बताते हैं कि मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हुआ है। गोली मारनेवाला युवक दुल्हन का पड़ोसी बताया गया है। वह युवती से प्रेम करता था। लेकिन युवती उससे शादी के लिए राजी नही थी। उसने उसे ठुकारा दिया था। इससे आहत होकर उसने जयमाल के दौरान दुल्हन को गोली मार दी। आरोपित को पकड़ने के लिए पुलिस उसके करीबियों, सम्भावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही सर्विलांस की मदद ले रही है। मुफस्सिल थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।