{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Bihar News: खान सर पर कानून का शिकंजा, हत्या के प्रयास में मुकदमा दर्ज

फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद बैकफुट पर आई पटना पुलिस, दोनों निजी सुरक्षाकर्मी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

 

भदैनी मिरर, पटना:

बिहार की राजधानी पटना से इस वक्त की एक बहुत बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। अपने अनोखे अंदाज के लिए देश-दुनिया में मशहूर यूट्यूबर और कोचिंग संचालक फैसल खान उर्फ खान सर (Khan Sir) के खिलाफ पटना पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कदमकुआं थाने में खान सर के खिलाफ हत्या के प्रयास (अटेम्प्ट टू मर्डर) और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।

पुलिस ने यह कार्रवाई अपने खुद के लिखित बयान (सुओ मोटो) के आधार पर की है, जिसमें खान सर को नामजद आरोपी बनाया गया है। ताजा अपडेट के अनुसार, पटना पुलिस अब खान सर की गिरफ्तारी के लिए उनके अलग-अलग संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

क्या है पूरा विवाद और 38 सेकंड का वायरल वीडियो?

दरअसल, यह पूरा मामला बीते 2 जून की रात का है। पटना स्थित खान सर के कोचिंग संस्थान पर कुछ असामाजिक तत्वों ने हमला बोल दिया था। इस विवाद और हंगामे के दौरान खान सर के निजी सुरक्षाकर्मियों (बॉडीगार्ड्स) द्वारा हवाई फायरिंग करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

लगभग 38 सेकंड के इस वायरल वीडियो में दो शख्स ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिनमें से एक ने सफेद और दूसरे ने काली शर्ट पहन रखी है। सोशल मीडिया पर लोगों ने दावा किया कि सरेआम गोलियां चलाने वाले ये लोग खान सर के ही सुरक्षाकर्मी हैं।

जनता के आक्रोश के बाद बदला पटना पुलिस का रुख

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खान सर के दोनों बॉडीगार्ड्स को असलहों के साथ गिरफ्तार कर लिया था। इस सिलसिले में पुलिस ने शुरुआती दौर में खान सर को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।

खान सर को छोड़े जाने की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों और छात्रों का गुस्सा भड़क उठा। प्रदर्शनकारियों ने पटना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जमकर नारेबाजी की और पक्षपात का आरोप लगाया। चौतरफा घिरने और किरकिरी होने के बाद पटना पुलिस ने अपना रुख बदला और मामले में सीधे खान सर को नामजद करते हुए केस दर्ज कर लिया।

तारीफ के बाद खुद आए लपेटे में

दिलचस्प बात यह है कि इस कानूनी कार्रवाई से ठीक पहले खान सर ने बिहार पुलिस और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक्शन की जमकर तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि बिहार पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में अपराधियों के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया है। लेकिन अब वक्त का पहिया ऐसा घूमा कि वही पुलिस खुद खान सर की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है।