{"vars":{"id": "125128:4947"}}

बिहार में राजनीतिक हलचल तेज: नीतीश कुमार फिर चुन गए NDA विधायक दल के नेता, कल लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

NDA की बैठक में सर्वसम्मति से नीतीश पर भरोसा; चिराग पासवान, BJP, JDU और सहयोगी दलों के नेताओं ने दिया समर्थन — शपथ ग्रहण समारोह कल

 

पटना। बिहार की सियासत में चल रही हलचल के बीच नई सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। मंगलवार को हुई NDA विधायक दल की अहम बैठक में नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से एक बार फिर विधायक दल का नेता चुना गया, जिसके बाद उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। शपथ ग्रहण समारोह कल आयोजित किया जाएगा, जिसकी पुष्टि जेडीयू और NDA नेताओं ने की है।

बैठक के बाद JDU बिहार प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि NDA ने पूर्ण सहमति से नीतीश कुमार को अपना नेता चुना है और बुधवार को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा।

सहयोगी दलों ने जताया पूरा भरोसा

NDA की सहयोगी पार्टियों ने भी नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा दोहराया। RLN नेता स्नेहलता ने कहा-
“नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे और उनकी सरकार महिलाओं सहित सभी वर्गों के लिए काम करती रहेगी।”

LJP (रामविलास) नेता संजय पासवान ने बधाई देते हुए कहा-
“मेरी पार्टी और हमारे नेता चिराग पासवान की ओर से नीतीश कुमार को शुभकामनाएं। वे लंबे समय तक बिहार को बेहतर दिशा दें।”

उधर केंद्रीय मंत्री और LJP (RV) प्रमुख चिराग पासवान ने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, नीतीश कुमार के अनुभव और NDA के विज़न पर भरोसा जताया है।
“अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम इस जनादेश पर खरे उतरें। शपथ ग्रहण के बाद संकल्प पत्र के वादों को पूरा करने की दिशा में काम शुरू होगा।”

BJP ने भी समर्थन किया, कैबिनेट गठन जल्द

बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि कैबिनेट का गठन मुख्यमंत्री तय करेंगे। जिसके बाद बाकी विभागों और मंत्रियों का फैसला होगा।

मंगल पांडेय ने दी शुभकामनाएं

सीवान के विधायक और BJP नेता मंगल पांडेय ने नीतीश कुमार को NDA नेता चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में सुशासन और विकास की नई ऊँचाइयाँ मिलीं हैं।
साथ ही उन्होंने सम्राट चौधरी को BJP विधानमंडल दल का नेता और विजय सिन्हा को उपनेता चुने जाने पर भी शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि अनुभवियों के इस नेतृत्व में संगठन और मजबूत होगा और राज्य *प्रधानमंत्री मोदी के सबका साथ, सबका विकास* मंत्र को आगे बढ़ाएगा।

कल होगा शपथ ग्रहण - राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज

NDA की एकजुटता और सभी सहयोगी दलों के समर्थन के बाद अब यह लगभग तय है कि नीतीश कुमार एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर पूरे राज्य में राजनीतिक उत्सुकता बढ़ गई है।