बिहार MLC चुनाव: जन सुराज ने उतारे 5 उम्मीदवार, प्रशांत किशोर ने शिक्षकों और स्नातकों के लिए किए 2 बड़े चुनावी एलान
शिक्षक-स्नातक सीटों के लिए दिव्या ज्योति, एसपी राय और आफाक अहमद समेत 5 नामों की घोषणा; 7वें वेतनमान व 10-10 हजार नौकरियों का वादा
पटना / भदैनी मिरर: बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव की सरगर्मियों के बीच जन सुराज पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के नाम का औपचारिक एलान कर दिया है। रविवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने 5 प्रमुख शिक्षक व स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी की। शेष बची सीटों पर अगले 3-4 दिनों में उम्मीदवार घोषित करने की बात कही गई है।
जन सुराज के 5 उम्मीदवारों की सूची:
-
दिव्या ज्योति: पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
-
एसपी राय: दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
-
रवीन्द्र यादव: दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र
-
आफाक अहमद: सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
-
रजनीश रंजन: कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र
(नोट: प्रशांत किशोर ने स्पष्ट किया कि तिरहुत शिक्षक व स्नातक और पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए उम्मीदवारों का एलान आगामी 3 से 4 दिनों के भीतर कर दिया जाएगा।)
शिक्षकों के लिए संघर्ष समिति और 3 प्रमुख मांगों का एलान
प्रेस वार्ता के दौरान प्रशांत किशोर ने बिहार में बिखरे शिक्षक संगठनों को एक मंच पर लाने के लिए एक संयुक्त 'संघर्ष समिति' बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि नियोजित, विद्यालय, विशिष्ट व वित्त-रहित शिक्षकों के मुद्दों को लेकर जन सुराज मजबूती से लड़ाई लड़ेगा।
पीके ने शिक्षकों के लिए तीन प्रमुख मांगों को जन सुराज का अपना एजेंडा बताया:
-
7वां वेतनमान लागू कराना: शिक्षकों को पूर्ण रूप से 7वें वेतनमान का लाभ दिलाना।
-
शिक्षकों का समायोजन: वित्त-रहित और वित्त-पोषित संस्थानों के शिक्षकों को नियमित शिक्षकों की श्रेणी में समायोजित करना।
-
गैर-शैक्षणिक कार्यों की सीमा तय करना: शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों (जैसे जनगणना, सर्वे आदि) में लगाने के कड़े मानक और सीमाएं निर्धारित करना।
प्रशांत किशोर ने वादा किया कि वे इन तीनों मांगों को पूरा कराने के लिए सरकार पर दबाव बनाएंगे।
हर स्नातक क्षेत्र में 10-10 हजार युवाओं को नौकरी देने का वादा
स्नातक (Graduate) निर्वाचन क्षेत्र के शिक्षित बेरोजगार मतदाताओं को साधते हुए प्रशांत किशोर ने एक और बड़ा चुनावी एलान किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह बांकीपुर के युवाओं के लिए घोषणा की गई थी, ठीक उसी तर्ज पर अगर जन सुराज का प्रत्याशी जीतकर विधान परिषद पहुंचता है, तो हर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 10-10 हजार बेरोजगार शिक्षित युवाओं को नौकरियां दिलाई जाएंगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस वादे को पूरा करने और युवाओं को रोजगार दिलाने की सीधी जिम्मेदारी जन सुराज, विजयी प्रत्याशी और खुद उनकी होगी।