{"vars":{"id": "125128:4947"}}

अक्टूबर में बजेगा बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का बिगुल, नवंबर में तीन चरणों में मतदान संभव

भारत निर्वाचन आयोग अक्टूबर के पहले सप्ताह में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है। दिवाली और छठ पूजा के बाद नवंबर में तीन चरणों में मतदान और नतीजे घोषित होने की प्रबल संभावना है। 

 

पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। सूत्रों के मुताबिक भारत निर्वाचन आयोग अक्टूबर 2025 के पहले सप्ताह में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है। अनुमान है कि नवंबर के पहले और दूसरे सप्ताह में तीन चरणों में मतदान संपन्न कराया जाएगा। परिणाम नवंबर के तीसरे सप्ताह तक घोषित कर दिए जाएंगे ताकि 22 नवंबर को मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने से पहले नई सरकार का गठन हो सके।

चुनाव आयोग सूत्रों के अनुसार, दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों को ध्यान में रखते हुए मतदान की तिथियां तय की जाएंगी। 28 अक्टूबर को छठ महापर्व का समापन होगा, जिसके बाद मतदान कराए जाने की संभावना है।

22 साल बाद वोटर लिस्ट का विशेष पुनरीक्षण

बिहार में करीब 22 साल बाद मतदाता सूची का स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) किया गया है। जुलाई महीने में घर-घर सर्वे पूरा कर लिया गया था। अगस्त में ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद दावे और आपत्तियां दर्ज कराई गईं। वर्तमान में आयोग इनके निस्तारण में जुटा है। 30 सितंबर 2025 को अंतिम वोटर लिस्ट प्रकाशित की जाएगी, जिसके आधार पर आगामी चुनाव कराए जाएंगे।

2020 की तर्ज पर होगा मतदान

गौरतलब है कि 2020 में भी बिहार विधानसभा चुनाव तीन चरणों में आयोजित किए गए थे। पहले चरण में 28 अक्टूबर को 71 सीटों पर, दूसरे चरण में 3 नवंबर को 94 सीटों पर और तीसरे चरण में 7 नवंबर को 78 सीटों पर वोटिंग हुई थी। मतगणना 10 नवंबर को हुई थी।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। इसके बाद राजनीतिक गतिविधियां और प्रचार अभियान तेज हो जाएंगे।