{"vars":{"id": "125128:4947"}}

अनंत सिंह की बेटी की शादी में उमड़ा जनसैलाब, 10 KM लंबा जाम; सुरक्षा के चलते घुड़दौड़ का फाइनल टला

नदवां गांव में शिवांगी-ऋषिकेश के विवाह समारोह से पहले जुटी भारी भीड़; 4 लाख मेहमानों के भोजन का इंतजाम, 25 बीघे में पंडाल और 3 हेलीपैड तैयार

 

नदवां / मोकामा (भदैनी मिरर)। मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी के विवाह समारोह को लेकर उनके पैतृक गांव नदवां में लाखों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे इलाके में 10 किलोमीटर से अधिक लंबा जाम लग गया। भारी जनसैलाब, अफरातफरी और कुछ लोगों के बिजली के टावर पर चढ़ जाने के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घुड़दौड़ प्रतियोगिता के फाइनल को बीच में रोककर गुरुवार तक के लिए टालना पड़ा।

भीड़ और टावर पर चढ़े दर्शकों के चलते रोकी गई घुड़दौड़

विवाह समारोह से पहले आयोजित घुड़दौड़ को देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से लेकर पटना और बेगूसराय तक बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। आयोजकों के अनुसार, चार राउंड पूरे होने के बाद मैदान के आसपास एक लाख से अधिक लोगों की भीड़ जुट गई और कई लोग बिजली के टावर पर चढ़ गए। संभावित हादसे को टालने के लिए सुरक्षा कारणों से रेस को बीच में ही रोकना पड़ा और मैदान खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। बताया जा रहा है कि अब फाइनल मुकाबला गुरुवार को आयोजित किया जाएगा।

इस प्रतियोगिता के लिए विजेता को थार गाड़ी, उपविजेता को बाइक और तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को स्कूटी देने की घोषणा की गई थी। अनंत सिंह स्वयं मंच पर मौजूद रहकर प्रतियोगिता देखते नजर आए।

जाम में फंसे लोग, हेलीपैड के पास भी जुटी भीड़

भारी भीड़ के कारण सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब 10 किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही। भीड़भाड़ के बीच महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को निकलने में खासी परेशानी हुई, जबकि कई लोग भीड़ से बचने के लिए खेतों और पानी के रास्तों से बाहर निकलते दिखे। वहीं, वीवीआईपी मेहमानों के आगमन के लिए बनाए गए हेलीपैड के आसपास भी हेलीकॉप्टर देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा रही।

25 बीघे में पंडाल, तीन हेलीपैड और 4 लाख मेहमानों की तैयारी

शिवांगी और ऋषिकेश कुमार की शादी के लिए पटना से बारात रवाना होने और विभिन्न क्षेत्रों से मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। समारोह के लिए लगभग 25 बीघे क्षेत्र में भव्य पंडाल तैयार किया गया है, जिसमें आम लोगों और विशिष्ट अतिथियों के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। हेलीकॉप्टर से आने वाले मेहमानों के लिए तीन हेलीपैड बनाए गए हैं।

विधायक अनंत सिंह के मुताबिक, समारोह में चार लाख से अधिक लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। व्यंजन और मिठाइयां तैयार करने के लिए 300 से ज्यादा चूल्हे लगाए गए हैं और करीब 500 हलवाई व कारीगर काम में जुटे हुए हैं। भारी भीड़ के बीच आयोजकों और स्थानीय प्रशासन को व्यवस्था बनाए रखने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।