1 महीने के लिए ट्रैफिक की लागू हुई नई व्यवस्था, उमड़ती भीड़ को लेकर लिया गया फैसला, ADCP यातायात उतरे सड़क पर... 

New system of traffic for 1 month, The decision was taken regarding the rising crowd. ADCP traffic descends on the road. बड़ा दिन, नया साल पर ऐसी भीड़ उमड़ी की शहर में जाम ही जाम रहा। एक महीने के लिए यातायात पुलिस ने नई गाइडलाइन जारी किया है।

1 महीने के लिए ट्रैफिक की लागू हुई नई व्यवस्था, उमड़ती भीड़ को लेकर लिया गया फैसला, ADCP यातायात उतरे सड़क पर... 
यातायात की नई व्यवस्था को लागू कराते ADCP ट्रैफिक।

वाराणसी, भदैनी मिरर। अंग्रेजी कैलेंडर के नूतन वर्ष पर मन्दिरों और घाटों पर ऐसी भीड़ उमड़ी की लोगों को पैर रखने की भी जगह नहीं मिली।  धीरे-धीरे भीड़ बढ़ती गई और घाटों को जोड़ने वाली सड़कों पर जनता और वाहनों का इतना जमावड़ा लगा की जो जाम में फंसा कराह उठा।  बीते 25 दिसंबर, 31 दिसंबर और 1 जनवरी को विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं का ऐसा रेला उमड़ा कि गोदौलिया से मैदागिन मार्ग के साथ ही पूरे शहर की यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई। इसे देखते हुए 2 जनवरी यानी आज रविवार से आगामी 2 फरवरी तक गोदौलिया से मैदागिन मार्ग को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है। हालात यह हुए की 2 जनवरी को ट्रैफिक की कमान संभालने खुद एडीसीपी दिनेश पूरी को उतरना पड़ा और सख्त निर्देश दिए कि नई गाइडलाइन का पूरा पालन किया जाए।

शहर के यातायात की नई व्यवस्था

  1. मैदागिन से गोदौलिया मार्ग पर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। जैसे- प्रशासन / पुलिस और अन्य विभागों के वाहन...। दिन के समय इस मार्ग पर अन्य मालवाहकों का भी आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। केवल एंबुलेंस और आकस्मिक जरूरत के समय उपयोग किए जाने वाले फायर ब्रिगेड जैसे वाहन ही जाएंगे।
  2. सोनारपुरा से गोदौलिया की तरफ चार पहिया व तीन पहिया नहीं जाएंगे। केवल दो पहिया वाहन ही जाएंगे। गोदौलिया से मैदागिन की तरफ दो पहिया वाहन और ठेला भी नहीं जाएंगे।
  3. लक्सा से चार पहिया वाहन रामापुरा चौराहे की तरफ नहीं जाएंगे। इसी प्रकार रेवड़ी तालाब से रामापुरा की तरफ चार पहिया और तीन पहिया वाहन नहीं जाएंगे। केवल दो पहिया वाहन ही जाएंगे।
  4. लहुराबीर से बेनिया तक चार पहिया प्राइवेट वाहन जाएंगे। उसके आगे किसी भी प्रकार का वाहन, रिक्शा या ठेला नहीं जाएगा।
  5. लहुराबीर से पिपलानी कटरा, कबीरचौरा होते हुए मैदागिन की तरफ चार पहिया / तीन पहिया वाहन जाएंगे, लेकिन तीन पहिया वाहन मैदागिन से लहुराबीर की तरफ नहीं जाएंगे।
  6. विश्वेश्वरगंज से कालभैरव से कोतवाली तक चार पहिया/तीन पहिया वाहन जाएंगे। मैदागिन से आगे कबीरचौरा की तरफ किसी भी प्रकार का वाहन नहीं जाएगा।
  7. आटो रिक्शा / ई-रिक्शा सामने घाट पुल को क्रॉस नहीं करेंगे। इसी तरह से कोई भी आटो रिक्शा / ई-रिक्शा राजघाट पुल को क्रॉस नहीं करेगा।
  8. ऑटो रिक्शा / ई-रिक्शा आशियाना से होकर आंबेडकर चौराहे से यू-टर्न लेकर वापस आशियाना मिंट हाउस होकर अपने गंतव्य को जाएंगें।