वाराणसी कमिश्नरेट के पहले तेजतर्रार ADCP विकास चन्द्र त्रिपाठी का तबादला, राजेश पांडेय को जिम्मेदारी
वाराणसी, भदैनी मिरर। एसपी सिटी वाराणसी और कमिश्नरेट वाराणसी के पहले अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन विकास चन्द्र त्रिपाठी का तबादला हो गया है। उनकी जगह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे राजेश कुमार पांडेय की तैनाती की गई है। शासन द्वारा एक साथ प्रदेश भर में 14 एडिशनल एसपी के तबादले किए गए।
शासन स्तर पर हुए तबादले में विकास चंद्र त्रिपाठी को अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस महानिदेशक मुख्यालय के पद पर नियुक्ति मिली है। विकास चन्द्र त्रिपाठी तेजतर्रार अफसर होने के साथ ही जनता के बीच काफी लोकप्रिय थे। विकास चंद्र त्रिपाठी गोरखपुर के रहने वाले हैं और 2000 बैच के पीपीएस अफसर हैं। घटनास्थल पर तत्काल पहुंचने और उसके खुलासे में लगी टीम की मॉनिटरिंग के लिए विभाग में भी चर्चित है। ड्यूटी के प्रति वह जितने ही सख्त माने जाते है, व्यक्तिगत तौर पर वह उतने ही खुशमिजाज है।
अपर पुलिस उपायुक्त विकास चंद्र त्रिपाठी के तबादले के बाद उनकी जगह हाल ही में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे कुशीनगर के रहने वाले डीएसपी राजेश कुमार पांडेय-I को अपर पुलिस उपायुक्त नगर काशी ज़ोन के पद पर तैनाती दी गयी है।